यूरीड मीडिया- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपने भाई राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में अपने पति और बेटे के साथ पहली बार शामिल हुईं।
मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने खंडवा जिले के बोरगांव से पैदल चलना प्रारंभ किया। यात्रा में उनकी बहन प्रियंका गांधी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान के साथ पैदल मार्च करते दिखाई दी।
राहुल जब पदयात्रा पर निकलते हैं तो सड़क के दोनों ओर पुलिस कर्मी उनकी सुरक्षा के लिए रस्सियों का सुरक्षा घेरा बनाकर साथ चलते हैं। प्रियंका के यात्रा में शामिल होने के बाद कांग्रेस के उत्साहित कार्यकर्ता भाई-बहन के समर्थन में नारेबाजी करते हुए उनके करीब आने की बार-बार कोशिश करते दिखाई दिए।
सूर्योदय के बाद जब बोरगांव से यात्रा ने मध्य प्रदेश में अपने दूसरे दिन में प्रवेश किया तो पहले दिन के मुकाबले भीड़ कम नजर आई लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही इसमें लोगों और गाड़ियों का काफिला बढ़ता गया।
राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी यात्रा में राहुल और प्रियंका के साथ कदमताल करते दिखाई दिए।
24th November, 2022