आम चुनाव को लेकर भाजपा ने 195 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। वाराणसी से तीसरी बार पीएम मोदी चुनाव लड़ेंगे। वहीं अमित शाह गांधीनगर से चुनावी मैदान में होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि 16 राज्य और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 195 सीटों के उम्मीदवार तय कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाकी सीटों पर मंथन चल रहा है। अरुणाचल पश्चिम से किरण रिजिजू, डिब्रूगढ़ से सर्वानंद सोनोवाल, उत्तर पूर्वी से मनोज तिवारी, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज, पोरबंद से मनसुखभाई मंडाविया, खूंटी (एसटी) से अर्जुन मुंडा के भी नामों का एलान किया गया है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को केरल के तिरुवनंतपुरम से, पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब को त्रिपुरा से मैदान में उतारा है। यूपीए सरकार में रक्षा मंत्री रहे एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी को पत्तनमतिट्टा से भाजपा ने टिकट दिया है।
भाजपा की पहली सूची में क्या खास?
195 नामों की पहली सूची में 34 केंद्रीय मंत्रियों को भी शामिल किया गया है। वहीं 28 महिलाओं को भी मौका दिया गया है। पहली सूची में पचास साल से कम उम्र के 47 युवा, अनुसूचित जाति से 27, अनुसूचित वर्ग से 18 और पिछड़ा वर्ग से 57 उम्मीदवारों के नामों को जगह दी गई हैं।
किस राज्य से कितनी सीटों पर प्रत्याशियों का एलान
उत्तर प्रदेश से 51, पश्चिम बंगाल से 26, मध्य प्रदेश से 24, गुजरात से 15, राजस्थान से 15, केरल से 12, तेलंगाना से 9, असम से 11, झारखंड से 11, छत्तीसगढ़ से 11, दिल्ली से 5, जम्मू-कश्मीर से 2, उत्तराखंड से 3, अरुणाचल, गोवा, त्रिपुरा, अंडमान-निकोबार और दमन और दीव से एक-एक सीट पर प्रत्याशी तय किए गए हैं।
2nd March, 2024