यूरीड मीडिया- लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा. पहले फेज में 102 सीटों पर वोटिंग होगी. ये निर्वाचन क्षेत्र 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अंतर्गत आते हैं. इनमें से अधिकांश सीटें तमिलनाडु (39) में हैं. जबकि राजस्थान की 12 सीटें पर, उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर, मध्य प्रदेश की 6, असम की 5, उत्तराखंड की 5 और महाराष्ट्र की 5 सीटों पर पहले चरण में वोटिंग होगी.इनमें पुरुषों की संख्या 1,491 जबकि महिलाएं 134 हैं। तमिलनाडु की करूर सीट पर सर्वाधिक 54 उम्मीदवार मैदान में हैं। नगालैंड की एकमात्र लोकसभा सीट पर सबसे कम सिर्फ तीन उम्मीदवार हैं।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण यानी 19 अप्रैल 2024 को इन सीटों पर होगा मतदान-
1- उत्तर प्रदेश: सहारनपुर, कैराना, मुज्जफनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, पीलीभीत और रामपुर।
2- राजस्थान: गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर।
3- मध्य प्रदेश: सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा।
4- असम: काजीरंगा, सोनितपुर, तखीमपुर, डिबरुगढ़ और जोरहट।
5- बिहार: औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई।
6- महाराष्ट्र: रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंडिया, गढ़चिरौली चिमूर और चंद्रपुर।
7- छत्तीसगढ़ : बस्तर।
8- जम्मू-कश्मीर: ऊधमपुर।
9- अरुणाचल प्रदेश: अरुणाचल पश्चिम, अरुणाचल पूर्व।
10- मेघालय: शिलांग, तुरा।
11- त्रिपुरा: त्रिपुरा पश्चिम।
12- उत्तराखंड: टिहरी गढ़वाल, गढ़वाल, अल्मोडा, नैनीताल, उधमसिंह नगर और हरिद्वार।
13- मिजोरम
14- पुडुचेरी
15- तमिलनाडु
16- सिक्किम
17- नगालैंड
18- अंडमान और निकोबार
19- पश्चिम बंगाल: कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी।
20- मणिपुर
21- लक्षद्वीप
पहले चरण के मुख्य प्रत्याशी
जितेंद्र सिंह, भाजपा, उधमपुर, जम्मू और कश्मीर: जम्मू और कश्मीर के उधमपुर में पहले चरण में मतदान होगा। यहां से भाजपा ने दो बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। 2014 में जितेंद्र सिंह ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद को हराया था। उन्होंने 2019 में कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह को हराया था।
नितिन गडकरी, भाजपा, नागपुर, महाराष्ट्र: नितिन गडकरी नागपुर से मौजूदा सांसद हैं। वह पिछले दो बार से नागपुर लोकसभा सीट जीत रहे हैं। 2014 में उन्होंने सात बार के सांसद विलास मुत्तेमवार को हराया था। 2019 में गडकरी ने कांग्रेस उम्मीदवार नाना पटोले को हराया था।
जतिन प्रसाद, भाजपा, पीलीभीत, उत्तर प्रदेश: भाजपा ने पीलीभीत में वरुण गांधी का टिकट काटकर जतिन प्रसाद को मैदान में उतारा है। वह योगी आदित्यनाथ सरकार में PWD मंत्री हैं। उनका मुकाबला सपा के भगवत सरन गंगवार से है।
ए राजा, डीएमके, नीलगिरी, तमिलनाडु: डीएमके पार्टी के वर्तमान सांसद ए राजा नीलगिरी से चुनाव मैदान में हैं। वह 2014 में नीलगिरी से लोकसभा चुनाव हार गए थे। 2019 में उन्होंने 5 लाख से अधिक वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। उनका सामना भाजपा के एल मुरुगन से है।
के अन्नामलाई, भाजपा, कोयंबटूर, तमिलनाडु: तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई कोयंबटूर सीट से चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला द्रमुक के गणपति पी. राजकुमार और अन्नाद्रमुक के सिंगाई रामचंद्रन से है।
किरेण रिजिजू, भाजपा, अरुणाचल पश्चिम, अरुणाचल प्रदेश: अरुणाचल पश्चिम सीट से तीन बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू मैदान में हैं। उनकी चुनावी लड़ाई अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष नबाम तुकी से हुई है।
गौरव गोगोई, कांग्रेस, जोरहाट-असम: लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई असम के जोरहाट सीट से चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने 2014 और 2019 में असम के कलियाबोर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीता था। 2019 में परिसीमन के कारण वह पड़ोसी जोरहाट सीट पर चले गए। उनका सामना भाजपा उम्मीदवार और जोरहाट के मौजूदा सांसद टोपोन कुमार गोगोई से है।
नकुल नाथ, कांग्रेस, छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ को कांग्रेस ने छिंदवाड़ा से टिकट दिया है। 1980 के बाद से कमल नाथ इस सीट से नौ बार जीत चुके हैं। यह उनका गढ़ रहा है। 2019 के चुनावों में भाजपा ने मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटें जीतीं, लेकिन छिंदवाड़ा में उसे हार मिली थी। नकुल ने भाजपा उम्मीदवार को 37,536 वोटों के अंतर से हराया था।
16% प्रत्याशी दागी, 28% करोड़पति
पहले चरण के उम्मीदवारों में से 252 प्रत्याशी यानी करीब 16 फीसदी दागी हैं। इसमें से 161 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 15 प्रत्याशी अलग-अलग मामलों में दोषी भी ठहराए जा चुके हैं। यह खुलासा हुआ है चुनाव सुधार के लिए काम करने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट में। एडीआर ने पहले चरण के 1,618 उम्मीदवारों का चुनावी विश्लेषण कर बताया है कि करीब 28% यानी 450 प्रत्याशी करोड़पति हैं। वहीं, उम्मीदवारों की औसत संपत्ति करीब 4.51 करोड़ रुपये है।
17th April, 2024