लखनऊ, यूरीड मीडिया न्यूज। सीतापुर में ट्रक से आमने- सामने हुई जबरदस्त टक्कर में बाइक पर सवार भाजपा युवा मोर्चा के दो पदाधिकारियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवारीजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली बिसवां क्षेत्र के मोहल्ला कैथी टोला निवासी व भारतीय जनता युवा मोर्चा के दो पदाधिकारी अभिषेक अवस्थी और आकाश मिश्र बाइक से सीतापुर गए थे। देर रात वे दोनों वापस घर लौट रहे थे। बाइक सवार थाना मानपुर क्षेत्र के ग्राम परसेहरा के निकट बिसवां-सीतापुर मार्ग पर पहुंचे। इसी दौरान अज्ञात ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकेट पुलिस मौके पर पहुची और आनन फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिसवां ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बिसवां पुलिस ने दोनों के शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की है।
23rd February, 2021