लखनऊ, यूरीड मीडिया न्यूज। प्रयागराज कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने अपने पुरखों की कर्मस्थली प्रयागराज को अपनाने की ठानी है। कभी देश के सियासी केंद्र बिंदु रहे प्रयागराज को उन्होंने अपने सियासी सफर का मुख्य केंद्र बनाने का संकेत दे दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्होंने प्रयागराज में अपना कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। इस कार्यालय का यूपी खासकर पूर्वांचल में कांग्रेस की पैठ मजबूत करने की रणनीति में इस्तेमाल किया जाएगा। प्रियंका के यहां कार्यालय खोलने के फैसले को लेकर कांग्रेसी भी उत्साहित हैं। नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी के कार्यालय के लिए भवन की तलाश शुरू कर दी है। माघ मेले में मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर संगम में डुबकी लगाने के बाद प्रियंका ने यह फैसला लिया है। राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखने वालों का मानना है कि प्रियंका ने औपचारिक तरीके से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत तो संगम पर मौनी की डुबकी लगाने के साथ ही कर दी थी। अब वह 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रयागराज को मुख्य केंद्र बनाना चाह रहीं हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी खुले तौर पर इसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं। हालांकि वह यह जरूर मानते हैं कि प्रयागराज पहले भी राजनीति का मुख्य केंद्र रहा है। इसलिए प्रियंका गांधी का मुख्य कार्यालय खासकर पूर्वांचल के लिए यहां बनने की पूरी संभावना है। पूर्व में भी प्रयागराज को पार्टी ने प्रमुख केंद्र का दर्जा दिया है। प्रयागराज के लोगों में प्रियंका गांधी को लेकर उत्साह है।
20th February, 2021