नई दिल्ली। दिल्ली में सीलिंग मुद्दे पर घिरी केजरीवाल सरकार पर व्यापारी आक्रोशित है। जहां आज व्यापारियों ने दिल्ली बंद किया है तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आज सर्वदलीय बैठक हुई। केजरीवाल के घर पर हो रही इस बैठक का भाजपा ने बहिष्कार किया है। जिसपर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा- 'दिल्ली में सीलिंग से दुखी लाखों व्यापारियों की रोजी रोटी बन्द हो रही है, लेकिन जिस बीजेपी को इसका समाधान निकालना है उसके अध्यक्ष-सांसद मनोज तिवारी विदेशों में घूम रहे हैं। व्यापारियों की कमर तोड़कर विदेशों की सैर कर रहे हैं अध्यक्ष जी!
वहीं कांग्रेस की ओर से दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन और अरविंदर सिंह लवली बैठक में मौजूद हैं। इस बैठक में सीलिंग पर कैसे रोक लगाई जाए उसके उपायों पर चर्चा हो रही है। सिसोदिया ने जानकारी दी कि अजय माकन ने कुछ सुझाव दिए हैं। जिसपर चर्चा जारी है। इस बीच व्यापारियों का बंध कश्मीरी गेट पहुंच गया जहां उन्होंने सीलिंग के विरोध में नारे लगाए और पुतले भी फूंके।अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन को चिट्ठी भी लिखी थी। केजरीवाल ने इस चिट्ठी में लिखा था कि सभी को राजनीति से ऊपर उठकर सीलिंग की वजह से आ रही समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
13th March, 2018