नई दिल्ली। दंगल फेम गर्ल अभिनेत्री जायरा वसीम से फ्लाइट में हुए छेड़छाड़ को लेकर उनका बयान लेने मुंबई पुलिस खुद होटल हयात रीजेंसी पहुंची है। इस होटल में जायरा रुकी हुई हैं। उन्होंने पुलिस से कुछ समय मांगा है। पुलिस उनका इंतजार कर रही है। वहीं इस मामले पर विस्तारा एयरलाइन्स ने कहा है कि उन्होंने जायरा से शिकायत दर्ज कराने को कहा था लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया था।
जायरा वसीम के साथ छेड़छाड़ के मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा का कहना है कि हमने विस्तारा और महाराष्ट्र डीजीपी को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
क्या है पूरा मामला?
जायरा वसीम ने एयर विस्तारा फ्लाइट में अपने साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम के जरिए वीडियो में रोते हुए अपने साथ हुए हादसे का जिक्र किया है। ये हादसा तब हुआ जब वो विस्तारा कम्पनी की फ्लाइट से दिल्ली से मुम्बई जा रहीं थीं।
'दंगल' गर्ल ने आरोप लगाया है कि विस्तारा की फ्लाइट में उनके पीछे बैठे शख्स ने उनके साथ छेड़छाड़ की। उन्होंने कहा कि अधेड़ उम्र का एक शख्स अपने पैर उनकी पीठ और गर्दन पर रगड़ रहा था। जायरा का आरोप है विस्तारा के केबिन क्रू ने भी उनकी मदद नहीं की।
जायरा ने वीडियो में रोते हुए कहा कि ये भयानक है। जायरा का कहना है कि वो फ्लाइट में ही उस शख्स का वीडियो बनाना चाहती थीं, लेकिन रोशनी कम होने की वजह से ये मुमकिन नहीं हो पाया। जायरा के मुताबिक जिस वक्त उस शख्स ने ऐसी हरकत की वो लगभग सो चुकी थीं, लेकिन उसके पैर के स्पर्श से उनकी आंख खुल गई।
जायरा ने कहा, “मेरी सीट पर हाथ रखने की जगह पर पीछे बैठे शख्स ने अपना पैर रखा हुआ था और पैर से मेरे कंधे और गर्दन के साथ छेड़छाड़ करता रहा। जब मैंने विरोध किया तो उसने एयर टर्ब्यूलेंस का बहाना बनाया। लेकिन कुछ देर बाद जब फिर से वही हरकत जारी रहा तब मुझे यकीन हो गया कि ये जानबूझकर किया कर रहा है।
दो घण्टे की फ्लाइट के दौरान वो शख्स बेशर्मी से इस हरकत को अंजाम देता रहा। जिस अधेड़ शख्स ने जायरा के साथ ये छेड़छाड़ की, उसकी करतूत का एक वीडियो भी जायरा ने इंस्टाग्राम पर डालते हुए कहा, 'मैं सिर्फ इतना ही वीडियो बना सकी'.
फ्लाइट के मुम्बई लैंड करने के बाद जायरा वसीम ने इंस्टाग्राम पर अपने साथ हुई आपबीती के बारे में बताते हुए लाइव किया। उन्होंने इस अनुभव को भयावह बताते हुए ये भी कहा कि किसी ने भी उनकी मदद नही की। जायरा ने रोते हुए पूछा कि क्या हम ऐसे ही लड़कियों की सुरक्षा करने वाले हैं?
10th December, 2017