लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है। चित्रकूट में वास्को डी गामा पटना एक्सप्रेस के पटरी से उतरने पर 5 लोगों की मौत हो गयी। वहीं करीब दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। प्रारम्भिक जांच के मुताबिक हादसे में तकरीबन 13 डिब्बे पटरी से उतर गये। बताया जा रहा है कि पटरी टूटने के बाद यह हादसा सामने आया है।
शुक्रवार सुबह गोवा के मडगांव स्टेशन से चलकर पटना जा रही रेल हादसे का शिकार हो गयी। हादसा चित्रकूट के मानिकापुर स्टेशन के पास सुबह तकरीबन 4.20 बजे हुआ। जिसके बाद राहत और बचाव कार्य के लिए इलाहाबाद से मेडिकल टीम को रवाना किया गया है। घटना के संदर्भ में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर का कहना है कि पटरी टूटने की वजह से यह हादसा सामने आया है।
24th November, 2017